आरटीआई कार्यकर्ता को मारी गोली


पूर्वी दिल्ली। नंदनगरी इलाके में एक आरटीआई कार्यकर्ता को घर से बाहर बुलाकर गोली मार दी गई। बचाव के लिए आए एक साथी पर भी बदमाशों ने गोली चला दी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। जख्मी हालात में नरेश कुमार और प्रमोद कुमार को स्वामी दयानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दोनों को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्य ने बताया कि हत्या का प्रयास (307) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित नरेश पर भी हत्या सहित तीन मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुरानी रंजिश की भी आशंका है। जानकारी के मुताबिक, नरेश कुमार परिवार के साथ नंद नगरी के बी-4 ब्लॉक में रहते हैं। उनका जूते बनाने का काम इलाके में चल रहे। नशे और सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ वह लंबे समय से मुखर है। अदालतों में याचिका डालने के साथ आरटीआई भी लगाते रहते हैं। इससे अवैध कारोबार करने वाले उनसे रंजिश रखते हैं।


स्वजनों ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 10रू30 बजे घर में बैठे थे। जगत पुरी में रहने वाले उनके दोस्त प्रमोद भी आए हुए थे। दोनों आपस में बातें कर रहे थे। इसी दौरान नंद नगरी में ही रहने वाले चार बदमाश उनके घर पर पहुंचे। बदमाशों ने नरेश को आवाज देकर पानी मांग। नरेश जैसे ही दरवाजे के बाहर निकले, बदमाशों ने गोली चला दी। गोली उनकी कमर के पास लगी। नरेश गली में भागने लगे। उधर, गोली की आवाज। सुनकर नरेश को बचाने आए प्रमोद पर भी बदमाशों ने गोली चला दी। इसके बाद चारों बदमाश फरार हो गये। पीड़ित नरेश ने पुलिस को बयान दे दिया है। इसमें उन्होंने चारों बदमाशों के नाम भी बताए हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।